home page

राजगढः पुलिस-आबकारी विभाग की कार्रवाई, 66 हजार की देशी शराब जब्त, 60 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट

 | 
राजगढः पुलिस-आबकारी विभाग की कार्रवाई, 66 हजार की देशी शराब जब्त, 60 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट


राजगढ़, 27 अप्रैल(हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम कटारियाखेड़ी में चल रहे अवैध शराब निर्माण को जड़ से खत्म करने के लिए चार थानों की संयुक्त कार्रवाई की गई, जिसमें 20 से अधिक अवैध ठिकानों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 60 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट किया, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था। साथ ही 13 पेटी देशी मदिरा जब्त की गई जिसकी अनुमानित कीमत 66 हजार रुपये बताई गई है। मौके से पुलिस ने एक आरोपी राम पुत्र कंवरलाल कंजर को गिरफ्तार किया, जबकि आबकारी विभाग ने दो से तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है।

एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने बताया कि सुठालिया, शहर ब्यावरा, देहात ब्यावरा और करनवास थानों की पुलिस टीमें तथा आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने हाईवे स्थित कटारियाखेड़ी गांव में छापामार कार्रवाई की। जेसीबी मशीन की मदद से अवैध शराब निर्माण के टेंक, गड्ढे और संसाधनों को पूरी तरह नष्ट किया गया, ताकि भविष्य में इस क्षेत्र में पुनः अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। कार्रवाई के दौरान शहर ब्यावरा थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़, देहात ब्यावरा थाना प्रभारी प्रवीण जाट, करनवास थाना प्रभारी संगीता शर्मा, सुठालिया थाना प्रभारी अनिल राहौरिया सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक