चोरी की छह बाइक बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर,14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने चोरी की छह मोटर साइकिलें बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 600 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामद सभी मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इनमें एक बाइक सदर अस्पताल के पास से चोरी की गई थी।
मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि उपनिरीक्षक जयदीप कोल शुक्रवार की भोर पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की बाइक के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति राजा साहब पोखरे और रसूलाबाद मालगोदाम के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुबह करीब 4:15 बजे घेराबंदी कर अतुल सोनकर उर्फ बुल्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपित की निशानदेही पर चोरी की कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद बाइकों में एक जून को सदर अस्पताल के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल संख्या शामिल है। पुलिस ने आरोपित की तलाशी ली तो उसके पास से 600 रुपये नकद मिले। गिरफ्तार आरोपित की पहचान उमरपुर सुंदरनगर निवासी अतुल सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

