खेत में जुआ खेल रहे 6 लोग पकड़ाए -36 हजार से ज्यादा नगदी, 6 मोबाइल जब्त
उज्जैन, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की तराना तहसील के ग्राम सिद्धीपुर निपानिया में एक खेत में छापा मारकर मौके से 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 हजार 750 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
तराना थाना के एसआई रविन्द्र कटारे ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिद्धीपुर निपानिया फंटे के पास निर्माणाधीन पानी की टंकी के पीछे खेत में कुछ लोग पेड़ के नीचे जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस ने मौके से 7 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों का नाम आफताब उर्फ गोलू निवासी उज्जैन, अरशद निवासी शाजापुर, शाबिर निवासी देवास, इकबाल निवासी बिछड़ौद, सलमान निवासी बिछड़ौद, अमरदीप सिंह निवासी देवास और निजाम निवासी देवास बताए। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में उपयोग की जा रही नगदी राशि, ताश के पत्ते और मोबाइल फोन जब्त कर लिए। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना तराना में अपराध क्रमांक 308/2026 धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

