नवादा में अस्पतालों के 6 संचालकों पर प्राथमिकी ,पांच गिरफ्तार
नवादा, 01 अगस्त (हि.स.)।नवादा में प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले छह निजी अस्पतालों के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में खुली गंभीर लापरवाही
निरीक्षण के दौरान अधिकांश अस्पताल बिना सरकारी निबंधन के संचालित मिले. कई अस्पतालों में स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट और सर्जन की अनुपस्थिति के बावजूद ऑपरेशन और प्रसव कराए जा रहे थे. अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, ऑक्सीजन सिलेंडर, फार्मासिस्ट और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी नहीं मिलीं. कई वार्डों में गंदगी, खराब वेंटिलेशन और शौचालय की बदहाल व्यवस्था पाई गई.
आरोग्यम हॉस्पिटल में नवजात की मौत का मामला
आरोग्यम हॉस्पिटल में जांच के दौरान भर्ती महिला ने टीम को बताया कि प्रसव के दौरान उसके नवजात की मौत हो गई थी. निरीक्षण के समय अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला. प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अस्पताल के प्रबंधक पंकज कुमार को गिरफ्तार कर अस्पताल को सील कर दिया.
अन्य अस्पतालों में भी मिलीं गंभीर अनियमितताएं
डॉ. रवि केयर हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सक के बिना प्रसव कराए जाने, एंजल मैटरनिटी हॉस्पिटल में एनेस्थेटिस्ट की अनुपस्थिति, अमृत हॉस्पिटल में चिकित्सकों के गायब रहने, चौधरी एंड गिरजा ट्रॉमा सेंटर में बिना डॉक्टर इलाज जारी रहने तथा जनजीवन इमरजेंसी अस्पताल में ऑक्सीजन सहित कई आवश्यक सुविधाओं के अभाव का खुलासा हुआ.
पांच गिरफ्तार, छह अस्पतालों पर प्राथमिकी
कार्रवाई के दौरान आरोग्यम हॉस्पिटल के प्रबंधक पंकज कुमार, डॉ. रवि केयर हॉस्पिटल के प्रबंधक रविशंकर कुमार, कर्मचारी राजकरण, चौधरी एंड गिरजा ट्रॉमा सेंटर के प्रबंधक सन्नी कुमार उर्फ रंजन कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. नगर थाना कांड संख्या 786/26 में छह अस्पतालों के संचालकों, प्रबंधकों और संबंधित चिकित्सकों को नामजद किया गया है.
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

