home page

सिगरेट पीने पर टोका तो चाकू से गोदकर कर दी युवक की हत्या

 | 

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सिगरेट पीने को लेकर हुए विवाद में 20 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुब्हान के रूप में हुई है। आरोप है कि सेंट्रल पार्क में सिगरेट पी रहे सुब्हान और उसके दोस्त को कुछ लड़कों ने टोका था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इस दौरान आरोपितों ने सुब्हान पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुब्हान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीलमपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में छह आरोपितों को पकड़ लिया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और आरोपितों के कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात करीब 10:48 बजे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सीलमपुर थाने को एक युवक को चाकू लगने के बाद भर्ती कराए जाने की सूचना मिली। घायल की पहचान सुब्हान (20) के रूप में हुई, जो नूर इलाही के सुभाष मोहल्ले की गली नंबर-7 में रहता था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। उस समय सुब्हान बेहोश था और उसकी हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में सुब्हान के दोस्त मोहसिन (30) ने पुलिस को बताया कि 20 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे दोनों सेंट्रल पार्क में बैठकर सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान वहां पांच-छह लड़के पहुंचे और सिगरेट पीने पर आपत्ति जताने लगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान लड़कों ने सुब्हान पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद मोहसिन घायल सुब्हान को लेकर जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचा।

मोहसिन के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर सीलमपुर थाने में प्राथमिकी संख्या 368/26 दर्ज की गई। शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही अन्य स्रोतों से भी जानकारी जुटाई गई। लगातार जांच और प्रयासों के बाद पुलिस ने छह आरोपितों को पकड़ लिया। इनमें चार बालिग और दो विधि से संघर्षरत किशोर शामिल हैं।

पकड़े गए बालिग आरोपितों की पहचान अमान खान उर्फ अरशू (21), अफजल खान (18), अब्दुल मोमिन (18) और शोएब मिर्जा (18) के रूप में हुई है। अमान खान और अफजल खान न्यू सीलमपुर इलाके के रहने वाले हैं, जबकि अब्दुल मोमिन गौतमपुरी और शोएब मिर्जा न्यू सीलमपुर का निवासी है। पुलिस ने इस मामले में करीब 17 वर्ष की उम्र के दो नाबालिगों को भी पकड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। इन वस्तुओं को जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस को बाद में गुरु तेग बहादुर अस्पताल से सूचना मिली कि सुब्हान की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) भी जोड़ दी गई, जो हत्या से संबंधित है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी