home page

सिरसा: छह नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों की हेरोइन व अफीम बरामद

 | 
सिरसा: छह नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों की हेरोइन व अफीम बरामद


सिरसा: छह नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों की हेरोइन व अफीम बरामद


सिरसा, 25 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिला में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से छह नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन व अफीम बरामद की है। पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी गुरप्रीत सिंह, रोहित कुमार, प्रवीण कुमार, मनीष कुमार, विरेंद्र राय व राजस्थान के गंगानगर निवासी नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि सीआईए कालांवाली प्रभारी सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त के दौरान गांव गदराना की तरफ जा रहेे थे। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस खेतों की तरफ जा रहे कच्चे रास्ते से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया और उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इसके अलावा पुलिस ने सिरसा शहर के सुरखाब चौक क्षेत्र से रोहित कुमार को 15 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान बस अड्डा से सुरखाब चौक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चौक के निकट एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

उधर, डबवाली पुलिस ने गांव चौटाला क्षेत्र से अफीम सहित तीन आरोपियों नरेंद्र, प्रवीण कुमार व मनीश कुमार को अफीम सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम संगरिया नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार की तलाशी ली तो कार सवार लोगों से 22 ग्राफ अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने सिरसा के मिनीबाईपास क्षेत्र से विरेंद्र राय को चार किलोग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम गश्त के दौरान मिनी बाईपास क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक प्लास्टिक का थैला लेकर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और वापस मुडक़र जाने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया। थैले की तलाशी ली तो उसमें से चार किलो गांजा पत्ती बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma