त्योहारी सीजन में यात्रियों को लूटने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, खगड़िया के 6 शातिर गिरफ्तार
भागलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)।
दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के त्योहारी सीजन में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का भागलपुर रेल पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या छह पर एक विशेष घेराबंदी अभियान चलाकर खगड़िया जिले के छह शातिर अपराधियों को रंगे हाथ धर दबोचा। आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार गिरि और जीआरपी थाना प्रभारी नसीम अहमद ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस बड़ी कामयाबी का खुलासा किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से यात्रियों से छीने गए कीमती मोबाइल फोन, सोने की चेन और लूटपाट में इस्तेमाल होने वाले कई घातक हथियार और सर्जिकल ब्लेड बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और मूल रूप से खगड़िया जिले के रहने वाले हैं। जिसमें साव (35 वर्ष), राजीव कुमार (33 वर्ष), मुकेश कुमार (35 वर्ष), विकास कुमार (29 वर्ष), माया राम (38 वर्ष) और सुधांशु कुमार (19 वर्ष) शामिल है।
पुलिस द्वारा की गई सघन तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से एंड्रॉयड स्मार्टफोन 05 (विभिन्न ब्रांड्स के कीमती फोन), कीपैड मोबाइल 01, रोलगोल्ड चेन 03 (यात्रियों से झपटी गई), 01 चाकू और 02 फोल्डेबल कैंची, 02 सिजेरियन ब्लेड और 02 साधारण ब्लेड (पॉकेट काटने के लिए) और अन्य सामान 01 ताला और 01 चाबी बरामद किया गया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार गिरि ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर स्टेशन परिसर में सुरक्षा बलों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या छह पर कुछ संदिग्ध युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ के हेड कांस्टेबल उत्तम सरकार और अभिनंदन कुमार के साथ जीआरपी के जवानों ने तत्परता दिखाई और प्लेटफॉर्म नंबर छह की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने चारों तरफ से खदेड़कर सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। जीआरपी थानाध्यक्ष नसीम अहमद के मुताबिक, पूछताछ में अपराधियों ने कबूला कि वे त्योहारी सीजन में ट्रेनों में होने वाली भीड़ का फायदा उठाते थे। गिरोह के सदस्य स्टेशन पर या आउटर सिग्नल के पास धीमी गति से चलने वाली ट्रेनों की खिड़की के पास बैठे यात्रियों के गले से चेन झपट लेते थे या हाथ मारकर मोबाइल उड़ा लेते थे।
इसके अलावा सर्जिकल ब्लेड और कैंची की मदद से भीड़भाड़ में यात्रियों के बैग काटने और पॉकेट मारने में भी ये माहिर थे। विरोध करने पर ये यात्रियों को डराने के लिए चाकू का इस्तेमाल करते थे। भागलपुर रेल पुलिस की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस कार्रवाई से महज दो दिन पहले भी जीआरपी और आरपीएफ ने स्टेशन परिसर से कुख्यात छोटू सोनी गिरोह के सात शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्गा पूजा और आने वाले त्योहारों को लेकर भागलपुर स्टेशन के सभी हिस्सों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही रात में प्लेटफॉर्मों पर लगातार माइकिंग कर यात्रियों को अपनी सुरक्षा और सामान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों के खिलाफ रेल थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

