अपर जिला मजिस्ट्रेट ने छह अपराधियाें को किया जिला बदर
हमीरपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध की जा रही प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) ने बुधवार काे थाना कोतवाली नगर, थाना मौदहा, बिवांर, राठ व थाना मझगवां से सम्बन्धित छह गुंडा अपराधियों को जनपद की सीमा से छह माह के लिए जिला बदर किया है।
पारित आदेश में कहा गया है कि जिला बदर की अवधि में अपराधी अपने साथ किसी प्रकार का शस्त्र व आग्नेयास्त्र लेकर नहीं चलेंगे। जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। वहीं, बाह्य जनपद में जिस स्थान पर निवास करेंगे उसकी सूचना संबंधित न्यायालय एवं स्थानीय पुलिस को भी देंगे। जिला बदर किए गए अभियुक्त रोहित उर्फ पुन्नी, निवासी जमुना घाट, कालपी चौराहा व उस्मानी गनी उर्फ आमिर पुत्र फजल अली उर्फ फजल मुर्गेवाला, निवासी पठकाना, थाना कोतवाली नगर, थाना मौदहा कस्बे के उपरौस मोहल्ला निवासी फैज उर्फ फैज माफिया पुत्र पप्पू डूडा उर्फ रजा मोहम्मद, गौरव सिंह पुत्र स्व. महेश सिंह उर्फ योगेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम व थाना बिवांर तथा आशीष कुमार उर्फ अस्सू पुत्र जय सिंह राजपूत, निवासी ग्राम चिल्ला थाना राठ, प्रदीप कुमार पुत्र ध्यान सिंह उर्फ बापू, निवासी ग्राम टोलारावत, थाना मझगवां को छह माह के लिए जिला बदर किया है। अपर जिलाधिकारी रिजवाना शाहिद ने आज शाम बताया कि गुंडा एक्ट के मामलों में छह अपराधियों को जिला बदर किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

