home page

67 हजार से ज्यादा की नकदी व कार के साथ जुआ खेलते 06 गिरफ्तार, 02 फरार

 | 
67 हजार से ज्यादा की नकदी व कार के साथ जुआ खेलते 06 गिरफ्तार, 02 फरार


कानपुर, 30 जून (हि.स.)। नरवल थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने जुआ खेलते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपित मौके से फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 67 हजार रुपये से अधिक की नकदी, एक कार, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मड़ीलवा गांव में स्कूल के पीछे खेत में लंबे समय से जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। इस पर पुलिस टीम ने निगरानी बढ़ाई और आज छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग भागने लगे।

इस दौरान पुलिस ने मौके से छह आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गए। गिरफ्तार शातिरों में साढ़ निवासी रतिराम उर्फ छोटे, हनुमंत विहार निवासी अनुराग कुशवाहा, नौबस्ता निवासी शेर अली, सेन पश्चिम पारा निवासी शानू, साढ़ निवासी मनीष कुमार और हनुमंत विहार निवासी छोटू कुशवाहा शामिल हैं।

वहीं, नरवल निवासी रामकुमार उर्फ छोटू और सुमित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने मौके से कुल 67 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद की, जिसमें 65,390 रुपये मालफड़ और 2,360 रुपये तलाशी के दौरान मिले। इसके साथ ही छह मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और एक अर्टिगा कार भी जब्त की गई। कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि क्षेत्र में जुआ गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले भी कई बार दबिश दी गई थी, लेकिन आरोपी बच निकलते थे। इस बार विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों को बुलाकर सुनसान स्थानों पर जुआ खेलते थे और ठिकाना बदलते रहते थे। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी जुआ, मारपीट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप