home page

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हत्याकांड का खुलासा, एक और अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हत्याकांड का खुलासा, एक और अभियुक्त गिरफ्तार


सीवान, 17 अप्रैल (हि.स.)।

सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि कांड के सफल उद्भेदन के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।

एसपी पुरन कुमार झा के अनुसार, 12/13 दिसंबर 2025 को सराय थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान बीएसएपी-2 के जवान मृत्युंजय कुमार को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद मुफस्सिल थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में पूर्व में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, आगे की कार्रवाई में एक और अभियुक्त सचिन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी ने कहा कि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ है कि उत्तर प्रदेश से अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी और इसी क्रम में पुलिस जांच के दौरान यह घटना हुई थी। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में शराब तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है।

गिरफ्तार चालक ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह रामायण चौधरी के वाहन से शराब की तस्करी कर रहा था, जिसमें उसका पुत्र सोनू चौधरी भी शामिल था। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में अभिमन्यु उर्फ मन्नू नोनिया यादव सहित अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है।

पुरन कुमार झा ने बताया कि इस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने दोहराया कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma