home page

जमीन विवाद में वृद्ध को दिनदहाड़े मारी गोली, पांच राउंड फायरिंग से दहशत

 | 
जमीन विवाद में वृद्ध को दिनदहाड़े मारी गोली, पांच राउंड फायरिंग से दहशत


सीवान, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर पाटीदारों ने एक वृद्ध को दिनदहाड़े गोली मार दी। फायरिंग में राजपुर निवासी अभिमन्यु यादव गंभीर रूप से घायल हो गये।

गोली उनके दाहिने कंधे में लगी है। घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

घायल अभिमन्यु यादव ने बताया कि पाटीदारों के साथ करीब डेढ़ बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बुधवार को बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह गांव के समीप स्थित अपनी मिठाई की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो पाटीदार पहुंचे और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

इसी बीच एक गोली उनके दाहिने कंधे में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, गोलीकांड की सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना पुलिस राजपुर गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच की।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटायी। ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के दौरान करीब पांच राउंड गोलियां चलने की बात सामने आ रही है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की आवाज से गांव में अफरातफरी मच गयी। शुरुआत में लोगों ने गोलियों की आवाज को पटाखे की आवाज समझा, लेकिन अभिमन्यु यादव को गोली लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गयी।

घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गये। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस जमीन विवाद को घटना का मुख्य कारण मानकर मामले की जांच कर रही है। घायल के बयान के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसडीपीओ सदर-2 आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि राजपुर में अभिमन्यु यादव नामक व्यक्ति को गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है। घटना का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma