home page

थाने की हाजत भी नहीं सुरक्षित: सीवान में फिर पुलिस को चकमा देकर आरोपी फरार

 | 

सीवान, 07 मार्च (हि.स.)।

सीवान जिले में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। एक सप्ताह के भीतर दो अलग-अलग थानों से गिरफ्तार अभियुक्तों के फरार होने की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की पोल खोल दी है। सबसे ताजा मामला सराय थाना का है, जहां हाजत में बंद एक आरोपी शनिवार की सुबह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सराय थाना क्षेत्र के पपौर गांव में शुक्रवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिक अभियुक्त पपौर निवासी भभूति तिवारी के पुत्र बबलू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को उसे सराय थाना की हाजत में बंद कर दिया गया था और शनिवार को कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही थी।

इसी दौरान शनिवार की सुबह पुलिस की लापरवाही उजागर हो गई। सराय थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ आनन्द के अनुसार हाजत में शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण आरोपी ने शौच जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात संतरी उसे हाजत से बाहर लेकर आया और थाना परिसर में दीवार के पास बैठाया। इसी बीच आरोपी ने संतरी को धक्का दिया और मौका पाकर थाना की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।

इससे पहले 28 फरवरी को मैरवा थाना से भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। बाइक चोरी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई का दावा करते हुए पुलिस ने प्रेसवार्ता कर बड़ी सफलता बताई थी, लेकिन अगले ही दिन गिरोह का मुख्य अभियुक्त फिरोज अंसारी थाना के हाजत की दीवार फांदकर फरार हो गया। उस मामले में पुलिस अधीक्षक ने एक एएसआई, एक चौकीदार और दो होमगार्ड जवानों पर कार्रवाई की थी, लेकिन सात दिन बाद भी फरार अभियुक्त पुलिस की पकड़ से बाहर है।

लगातार दो थानों से अभियुक्तों के फरार होने की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मैरवा में एसडीपीओ स्तर के अधिकारी और सराय थाना की जिम्मेदारी प्रशिक्षु डीएसपी के पास है, तब भी ऐसी घटनाएं होना पुलिस व्यवस्था की गंभीर कमजोरी को दर्शाता है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि सराय थाना पहुंचकर मामले की जांच की गई है और थाना प्रभारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच सवाल यही है कि क्या केवल निचले स्तर के कर्मियों पर कार्रवाई कर जिम्मेदारी तय हो जाएगी, या फिर पुलिस व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma