home page

सीवान पुलिस ने ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत 22 नाबालिग लड़कियों को कराया मुक्त

 | 
सीवान पुलिस ने ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत 22 नाबालिग लड़कियों को कराया मुक्त


सीवान, 05 मई (हि.स.)

जिले में सक्रिय पुलिसिंग के तहत सीवान पुलिस ने ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने आर्केस्ट्रा की आड़ में संचालित हो रहे अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया ।कार्रवाई के दौरान जबरन नृत्य कराने के लिए लाई गई 22 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, वहीं 3 महिलाओं सहित कुल 5 आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी पुरन झा ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर महिला थाना और आंदर थाना की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने अंदर थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया।

एसपी ने कहा कि सभी लड़कियों के नाम, पता और उम्र का सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया था और इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस मामले में आंदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्तों में आंदर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर पश्चिम टोला निवासी रोहित कुमार एवं मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के बेलाहा निवासी सोनू कुमार राम शामिल है।

छापेमारी दल में महिला थाना प्रभारी सोनी कुमारी, आंदर थाना प्रभारी सुनील कुमार, प्रभारी एएचटीयू तथा रेस्क्यू फाउंडेशन, दिल्ली के सदस्य शामिल रहे.सीवान पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9031683607 और डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma