सराय थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ दो व्यक्ति गिरफ्तार
सीवान, 23 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले में सक्रिय पुलिसिंग के तहत सराय थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो व्यक्तियों को पपौर स्थित चंडी माई के मंदिर के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों को पहचान जीबी नगर थाने के शंभूपुर निवासी समशुल जामा का पुत्र एमामुल जामा उर्फ गुड्डू अली एवं आजाद हुसैन का पुत्र नुर मोहम्मद के रूप में हुई है।
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम पपौर स्थित चंडी माई मंदिर के पास दो व्यक्ति हथियार की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से पहुंचे हुए हैं। सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दोनों संदिग्ध पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से दोनों को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तलाशी के दौरान इनके पास से एक देसी कट्टा, एक खोखा, एक कारतूस तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस मामले में सराय थाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में सराय थाना अध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

