बिहार में सीवान जिले के जीरादेई ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार
सीवान, 09 मई (हि.स.)। जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई बर्तन एवं ज्वेलर्स दुकान में 6 मई को हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार को जीरादेई थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ गौरी कुमारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार और लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एसटीएफ पटना की टीम भी शामिल रही।
गिरफ्तार अपराधियों में सिसवन थाना क्षेत्र के भागर निवासी गोलू कुमार यादव उर्फ धृति, सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र के रोजा निवासी कुंदन कुमार उर्फ कुंदन कश्यप, रिविलगंज थाना क्षेत्र के शम्भूदिनपुर निवासी पप्पू कुमार तथा चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी धनंजय कुमार साह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कुंदन कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा लूटे गए कई आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने जैसा धातु का मंगलसूत्र लॉकेट, कानबाली, चांदी का बेरा, बच्चों का पायल तथा 14 जोड़ी चांदी का पायल शामिल है।
एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा।
इस छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक डॉ. मनोज कुमार, जीरादेई थानाध्यक्ष राहुल तिवारी, थानाध्यक्ष विजय रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक चितरंजन कुमार, प्रियांशु कुमार, पियुष कुमार आनंद सहित एसटीएफ पटना एवं बीएसएपी की टीम शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

