रघुनाथपुर में छापेमारी, 16.040 ग्राम स्मैक व 2.32 लाख नकद रुपये के साथ एक गिरफ्तार
सीवान, 01 मई (हि.स.)।
सीवान पुलिस ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
एसपी पूरन कुमार झा के अनुसार, इस कार्रवाई में 16.040 ग्राम स्मैक, 10 स्क्रीनटच मोबाइल, 6 कीपैड मोबाइल और 2,32,420 रुपए नकद बरामद किया गया है। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 30 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के पतार बाजार में एक व्यक्ति अपने घर से स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, मैरवा के नेतृत्व में रघुनाथपुर व असांव थाना की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पप्पू कुमार के रुप में हुई है जो रघुनाथपुर थाने के पतार गांव निवासी रमाकांत साह का पुत्र है lतलाशी के दौरान उसके पास से 2 पुड़िया स्मैक बरामद हुई, वहीं उसकी निशानदेही पर घर से 16.040 ग्राम स्मैक, 10 स्क्रीनटच मोबाइल, 6 कीपैड मोबाइल और 2,32,420 रुपये नकद जब्त किया गया। आरोपी ने बताया कि नकद राशि स्मैक बेचकर प्राप्त की गई थी।
इस मामले में रघुनाथपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

