home page

युवती से नजदीकी का विवाद बना दो परिवारों की दुश्मनी की वजह!

 | 

सीवान, 29 नवंबर (हि.स.)।

शहर के फतेहपुर बाइपास स्थित श्रीराम अल्ट्रासाउंड के समीप शनिवार को हुई चाकूबाजी की घटना के अगले दिन खूनी संघर्ष के पीछे की कहानी सामने आने लगी है। तीन युवकों के घायल होने के बाद पुलिस की जांच में दो परिवारों के बीच लंबे समय से चल रही तनातनी की बात सामने आयी है।

एक पक्ष ने क्लिनिक में काम सीखने आने वाली युवती से नजदीकी को विवाद की वजह बताया है, तो दूसरे पक्ष ने अपने बेटे को घेरकर पिस्टल और डंडे से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों ने नगर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी पिस्टल बरामद की है और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पहले पक्ष की ओर से बबुनिया रोड नाका नंबर दो निवासी डॉक्टर बसंत कुमार ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि वीएमएचई हाई स्कूल गेट के समीप उनका क्लिनिक है। वहां आंदर ढाला निवासी एक लड़की अस्पताल का काम सीखने आती थी। इसी दौरान पचरुखी निवासी आयुष कुमार सिंह का भी क्लिनिक में आना-जाना था। डॉक्टर का आरोप है कि दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्होंने लड़की को क्लिनिक आने से मना कर दिया था। इसके कुछ दिनों बाद गांधी मैदान स्थित मोती स्कूल के समीप रात करीब आठ बजे क्लिनिक बंद कर पिता के साथ घर लौटने के दौरान आयुष और उसके दो साथियों ने रास्ता रोक लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में उनके जबड़े पर चोट आयी। परिवार में शादी होने के कारण उस समय पुलिस से शिकायत नहीं की गयी। आवेदन के अनुसार, 27 नवंबर को बिंदुसार स्थित उत्सव पैलेस में आयोजित बहुभोज के दौरान डॉक्टर बसंत के बड़े भाई वैभव कुमार के साथ भी विवाद हुआ। आरोप है कि वहां गाली-गलौज करने के साथ उन पर ईंट से हमला किया गया। इसके अगले दिन 28 नवंबर को दोपहर करीब दो से तीन बजे फतेहपुर बाइपास स्थित श्रीराम अल्ट्रासाउंड के समीप उनके चचेरे भाई सत्यम कुमार और स्टाफ मनीष कुमार पर चाकू और पिस्टल से हमला कर दिया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने आयुष को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गये। आरोप है कि पकड़े गये युवक के पास से पिस्टल बरामद हुई, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से शिवाजीनगर, फतेहपुर निवासी रंजन कुमार सिंह ने भी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 28 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे उनका पुत्र आयुष मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान डॉक्टर बसंत कुमार, वैभव कुमार, विपुल कुमार, अर्पित कुमार समेत करीब दस अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी के हाथों में पिस्टल और डंडे थे। हमलावरों ने आयुष के सिर पर हमला कर दिया। बेटे को बचाने पहुंचे रंजन कुमार, उनकी पत्नी और पिता के साथ भी मारपीट की गयी। रंजन ने पत्नी के गले से करीब एक लाख रुपये की सोने की चेन, 25 हजार रुपये की कान की बालियां और बेटे का मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया है। उनके अनुसार, पुलिस के हस्तक्षेप से आयुष की जान बच सकी। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल से रेफर किया गया। एसपी भारत सोनी ने बताया कि 28 नवंबर को हॉस्पिटल रोड स्थित सदर अस्पताल के समीप दो पक्षों के बीच चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान मनीष पाठक, सत्यम कुमार और आयुष कुमार सिंह के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने तीनों जख्मी युवकों के साथ चौथे व्यक्ति डॉक्टर बसंत कुमार को भी हिरासत में लिया है।

घटनास्थल की एफएसएल टीम से वैज्ञानिक जांच करायी गयी है। पुलिस ने एक देशी पिस्टल भी बरामद की है। दोनों पक्षों के लिखित आवेदन पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma