आंदर ढाला गोलीकांड में एक और आरोपित गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई तेज
सीवान, 02 मई (हि.स.)। सीवान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के समीप 29 अप्रैल 2026 को हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, उक्त दिन सड़क पर साइड लेने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अज्ञात अपराधियों द्वारा दो व्यक्तियों को गोली मार दी गई थी। इस घटना में हर्ष सिंह की मौत हो गई थी, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहले हुसैनगंज थाने क्षेत्र के रहने वाले छोटू यादव को गिरफ्तार किया था। आगे की जांच के क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान जामो थाना क्षेत्र के लद्दी बाजार से घटना में प्रयुक्त एक वाहन हुंडई वेन्यू, नंबर बीआर-29बीजी2818 बरामद किया गया। इसी क्रम में पुलिस ने एक अन्य आरोपी हुसैनगंज थाने क्षेत्र के रहने वाले सुनील यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है तथा आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

