ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता से मांगी एक करोड़ की रंगदारी, जान से मारने की धमकी
सीवान, 12 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल सीवान-1 के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 10 नवंबर की शाम करीब पांच बजे कार्यपालक अभियंता को डाक के माध्यम से एक गुमनाम पत्र प्राप्त हुआ। पत्र भेजने वाले ने अपना नाम लोहा सिंह और पता ग्राम एवं डाकघर उनसर, प्रखंड बोचहां, जिला मुजफ्फरपुर बताया है। पत्र में खुद को भाकपा (माले) के तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर बताते हुए कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ रुपये की मांग की गई है। साथ ही, निर्धारित रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है।
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद कार्यपालक अभियंता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को धमकी भरे पत्र की छायाप्रति और डाक विभाग की ईएमएस ऑनलाइन ट्रैकिंग डिटेल भी उपलब्ध कराई है। सरकारी विभाग के एक वरिष्ठ अभियंता से इतनी बड़ी रकम की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने की घटना से विभागीय महकमे में भी चिंता का माहौल है। अब पुलिस के सामने पत्र भेजने वाले की वास्तविक पहचान उजागर करने और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने की चुनौती है। हालांकि, पत्र में किसी संगठन का नाम इस्तेमाल किए जाने से उसकी संलिप्तता स्वतः प्रमाणित नहीं होती। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

