सीतापुर में पुलिस ने कब्र से किशाेरी का शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम भेजा
सीतापुर, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र में जिलधिकारी के आदेश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को एक किशोरी के शव को कब्र से बाहर निकालकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी पीयूष सिंह ने बताया कि शिवपाल की बेटी दामिनी ने 28 फरवरी को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। परिजनों ने पुलिस काे बिना सूचना दिए शव काे दफना दिया था। लेकिन इस मामले में नया मोड़ उस वक्त आया जब मृतक किशोरी की मां अनीता ने सात मार्च को थाना रामकोट में नामजद तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित अम्बुज समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस ने जिलाधिकारी से किशोरी का शव कब्र से खुदवाकर पोस्टमार्टम की अनुमति मांगी थी। आदेश के बाद पुलिस ने सोमवार को मजिस्ट्रेट की निगरानी में किशोरी के शव को कब्र से बाहर निकालकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

