यूपी की सीतापुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के 15 शातिर चोराें काे गिरफ्तार किया
सीतापुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले की तंबौर थाना पुलिस ने रविवार को अन्तरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्य प्रदेश के रहने वाले 15 चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से छह लाख 57 हजार पांच सौ रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि तंबौर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए पकरिया पुरवा मार्ग के तिराहे के पास से 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में जालिम, शिकारी, लोटन, शिवकपूर, सितकुमार, नसीब, महक सिंह, शालू सिंह, दानवीर, दनीराजा आदि लोग शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से अलग-अलग जिलों में डेरा डालते थे। दिन में इलाके की रेकी करते और रात में मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी से मिले पैसे आपस में बांट लेते थे, जबकि बाकी रकम गिरोह के सरगना जालिम के पास जमा रहती थी। इस गिरोह के खिलाफ सीतापुर के तंबौर, रेउसा और बिसवां थानों के साथ ही श्रावस्ती और हरदोई जनपदों के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है। इस सफल खुलासे पर लखनऊ जोन के एडीजी, आईजी रेंज और पुलिस अधीक्षक सीतापुर ने पुलिस टीम को पुरस्कृत किया है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

