home page

युवक से मारपीट के मामले में थाने में धरना-प्रदर्शन

 | 
युवक से मारपीट के मामले में थाने में धरना-प्रदर्शन


जोधपुर, 03 मई (हि.स.)। खांडा फलसा थाने के पास कुछ दिन पहले रात को हुई एक युवक के साथ हुई मारपीट के बाद से ही लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई नहीं होने पर आज थाने में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मारपीट के मामले में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने, पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई करने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने कमिश्नर के नहीं आने तक थाने के अंदर ही धरना देना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने थाने के अंदर ही हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया। धरने के दौरान एडीसीपी वीरेंद्र सिंह और एसीपी मंगलेश ने थाने में पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से समझाइश की। उन्होंने आक्रोशित लोगों को आश्वासन देते हुए लोगों को शांत करवाया, तब जाकर प्रदर्शनकारियों ने धरना खत्म किया। इस दौरान पास के थानों का जाब्ता भी मौके पर बुलाया गया। प्रदर्शन में शामिल हुए लोगों ने पुलिस से इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गवाहों पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं बनाने, घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

यह है मामला

दरअसल आखलिया चौराहे पर थाने के पास बुधवार देर रात को युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। जोधपुर निवासी प्रोटीन हाउस के मालिक मनीष जोशी पुत्र ओमप्रकाश जोशी 29 अप्रैल की रात बाइक से जा रहे थे। आखलिया चौराहे पर एक कार से बाइक की टक्कर हो गई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। टक्कर मारने के बाद कार सवार सिवांची गेट की तरफ निकल गया था। बाइक सवार युवक मनीष उसका पीछा कर सिवांची गेट पहुंचा।

सिवांची गेट स्थित खांडा फलसा थाने के बाहर हनुमान मंदिर के पास दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा हो गया था। जहां बाइक सवार मनीष को खांडा फलसा थाने के ठीक बाहर लाठी-डंडों से पीटा गया। इस घटना के बाद लोगों ने पुलिस के सामने विरोध जताया था। मामले में लापरवाही बरतने पर खांडा फलसा थानाधिकारी बलवंत राम को लाइन हाजिर किया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि तब अधिकारी शराब के नशे में थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश