home page

शादी से पहले दो सगी बहनों ने की आत्महत्या

 | 
शादी से पहले दो सगी बहनों ने की आत्महत्या


बंदोली के बाद जहर खाने की आशंका, आज आने वाली थी बारात

जोधपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव में आज एक दुखद घटना घटी, जहां दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। खास बात यह है कि आज ही दोनों की शादी थी और बारात आने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। उनके जहर खाए जाने की आशंका जताई गई है।

एडीसीपी पश्चिम रोशन मीणा ने बताया कि मृतक बहनें शोभा और विमला मणाई गांव के निवासी दीप सिंह की पुत्रियां थीं। दोनों की शादी तय थी और आज बारात आने वाली थी लेकिन इससे पहले ही उन्होंने यह कदम उठा लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण का पता चलेगा। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। दोनों बहनें निजी स्कूल में शिक्षक थीं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों बहनों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है, हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके।

एडीसीपी के अनुसार शुक्रवार रात घर में बंदोली का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रात करीब 12 बजे दोनों बहनें अपने कमरे में सोने चली गईं। सुबह करीब चार बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें जल्दी से जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को घर वापस लाया गया। बाद में मृतकाओं के मामा ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम सुबह करीब छह बजे मणाई गांव पहुंची, जहां परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। उस समय तक दोनों शव नीले पड़ चुके थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश