home page

शिवपुरीः 24 घंटे में हत्या का खुलासा, सिरसौद पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

 | 
शिवपुरीः 24 घंटे में हत्या का खुलासा, सिरसौद पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल


शिवपुरी, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी के थाना सिरसौद क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 3 मार्च 2026 को ग्राम मानक बसई में ट्रैक्टर से प्लाऊ करते समय मिट्टी दूसरे के खेत में चले जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राम कुंवरपुर निवासी अभिषेक रावत पर आरोपियों ने पहले लोहे के सरिए से हमला किया और बाद में ट्रैक्टर चढ़ाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान अभिषेक रावत की मृत्यु हो गई। घटना में अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

फरियादी ब्रजेश रावत निवासी मानक बसई की रिपोर्ट पर थाना सिरसौद में अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत धारा 103(1), 109(1), 115(2), 296(बी), 3(5) बीएनएस में बीपी सिंह जाटव, रामसिंह जाटव, अनिल जाटव, नरेंद्र जाटव, करण उर्फ पप्पू जाटव एवं काशीराम जाटव निवासी ग्राम भरका के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ ने थाना प्रभारी सिरसौद उप निरीक्षक मुकेश दुबौलिया को विशेष टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवपुरी संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने 4 मार्च 2026 को खोरघार भरका तिराहे एवं जामखो भरका मार्ग से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आयशर ट्रैक्टर, लोहे का सरिया एवं लाठियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय शिवपुरी में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल शिवपुरी भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा