गर्भवती महिला की सिरकटी लाश की नहीं हुई शिनाख्त, डीआईजी ने जल्द खुलासे का दिया निर्देश
हमीरपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मझगवां थाने के गिरवर गांव के जंगल में एक गर्भवती महिला की सिर कटी लाश मिलने और शिनाख्त न होने पर चित्रकूट धाम मंडल बांदा के डीआईजी राजेश एस ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर जाँच पड़ताल की। उन्होंने पुलिस को घटना का खुलासा करने के कड़े निर्देश दिए है।
बता दें कि पुलिस अभी तक हत्या का खुलासा तो बहुत दूर की बात है, पुलिस अभी तक मृतक महिला की शिनाख्त भी नहीं करा सकी है। गिरवर गांव के जंगल में आठ दिन पहले एक गर्भवती महिला की सिर कटी लाश मिलने से समूचे तहसील क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। लोगों के जेहन में तमाम सवाल उभर रहे हैं कि आखिर यह महिला कौन है, कहां की निवासी है। गिरवर गांव के सुदूर जंगल तक कैसे पहुंची, कौन लाया और महिला की हत्या का मकसद क्या रहा। महिला का सिर काटने तथा महिला की साड़ी जलाने एवं पुलिस के द्वारा हत्या के खुलासे को लेकर की जा रही अभी तक की कार्रवाई को लेकर भी तमाम सवाल बने हुए हैं। लेकिन फिलहाल पुलिस के पास इन सवालों के कोई भी जवाब नहीं हैं।
चित्रकूट धाम मंडल बांदा के डीआईजी राजेश एस ने भी गिरवर गांव के जंगल में घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक और एडिशनल एसपी सहित घटना के खुलासे में लगी टीमों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। डीआईजी राजेश एस ने शनिवार शाम बताया कि पुलिस की कई टीमें घटना के खुलासे की दिशा में लगातार प्रयास कर रही हैं। जल्द ही घटना का अनावरण होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

