home page

सिमराही बाजार में तीन दुकानों को चोरों ने बनाया निशाना

 | 
सिमराही बाजार में तीन दुकानों को चोरों ने बनाया निशाना


सिमराही बाजार में तीन दुकानों को चोरों ने बनाया निशाना


सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में देर रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया।

चोरों ने किराना और पान मसाला की थोक दुकान से नगदी समेत करीब तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान की चोरी कर ली। वहीं, एक कपड़ा दुकान का ताला तोड़ने के बाद भी चोर अंदर प्रवेश नहीं कर सके।

घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में आक्रोश है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों ने पुलिस की कार्यशैली और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, सिमराही अस्पताल रोड स्थित रामनगर मोड़ पर किराना और कपड़ा दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। वहीं, एनएच-27 किनारे स्थित पान मसाला की थोक दुकान में भी चोरी की गई।

किराना दुकानदार धीरेन्द्र यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे जब वह दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। दुकान के अंदर जाने पर चोरी का पता चला। चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया और इसके बाद दुकान में रखे करीब 10 हजार रुपये नगद सहित रजनीगंधा, साबुन, तेल, हॉरलिक्स समेत कई महंगे सामान चुरा लिए।

दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये है। दुकान में लगे कैमरे में तीन से चार संदिग्धों के दिखाई देने की बात सामने आई है। एनएच-27 किनारे स्थित पान मसाला की थोक दुकान के व्यवसायी सजन कुमार भगत ने बताया कि चोर दुकान की छत पर लगे टिन शेड को काटकर अंदर दाखिल हुए। चोर करीब 63 हजार रुपये नगद के अलावा बड़ी मात्रा में पान मसाला और अन्य सामान ले गए। वहीं, रामनगर मोड़ स्थित कपड़ा दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। हालांकि, दुकान में लगे सुरक्षा लॉक को नहीं तोड़ पाने के कारण वे अंदर नहीं जा सके। इससे दुकान में चोरी होने से बच गई।

सिमराही बाजार में लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि नगर पंचायत की ओर से बाजार में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं। इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। व्यापारियों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में बाजार की दर्जनों दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद दुकानदारों ने बैठक कर आगे की रणनीति बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और घटना का उद्भेदन करने की मांग की है। साथ ही चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगने पर सामूहिक आंदोलन की चेतावनी दी है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र