सिमराही बाजार के होटलों में पुलिस की छापेमारी, शराब पीते पांच युवक गिरफ्तार
सुपौल, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में शुक्रवार की रात पुलिस ने कई होटलों में अचानक छापेमारी अभियान चलाया। रात करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई इस कार्रवाई से बाजार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व वीरपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी कर रहे थे। उनके साथ राघोपुर थाना प्रभारी स्वीटी कुमारी, एएसआई प्रशुन कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। पुलिस टीम ने बाजार के विभिन्न होटलों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान होटलों में ठहरे लोगों से पूछताछ की गई और उनके पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई।
अभियान के दौरान होटल संचालकों और यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट देखी गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी विशेष घटना के कारण नहीं, बल्कि नियमित जांच अभियान का हिस्सा थी। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना है।
वीरपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि होटलों में ठहरने वाले लोगों की पहचान का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।वहीं राघोपुर थाना प्रभारी स्वीटी कुमारी ने शनिवार सुबह जानकारी दी कि मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान एक होटल से शराब पीते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ शराब अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोगों ने इसे सुरक्षा के लिहाज से जरूरी बताया, जबकि कई लोग अचानक हुई छापेमारी से हैरान नजर आए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

