home page

सिमराही बाजार के बजरंगबली मंदिर में फिर चोरी, दान-पेटी तोड़कर नकदी ले उड़े चोर

 | 

सुपौल, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर सिमराही बाजार स्थित एफसीआई रोड के बगल एनएच 106 किनारे हनुमान मंदिर में मंगलवार की रात अज्ञात चोर ने 11 दिन बाद पुनः चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इससे पूर्व बीते 11 अप्रैल की रात चोर ने उसी मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जिस घटना में चोर ने दान पेटी से 35 हजार नगद रुपया चोरी कर लिया था। चोरों ने पुनः दूसरी बाद मंदिर की मेन ग्रिल तोर अंदर घुसकर दान-पेटी का ताला तोड़कर करीब 2500 रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिया।

लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जाता है कि घटना रात करीब 2 बजे की है। उसी दौरान कुछ स्थानीय युवक किसी शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। तभी मंदिर के पास पहुंचने पर उन्हें अंदर कुछ लोग दिखाई दिया। शक होने पर जब वह अंदर गया तो एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। उक्त युवक ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हाथापाई के दौरान दांत काटकर खुद को छुड़ाने में सफल रहा और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और गश्ती पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस टीम ने उसे खोजने का प्रयास किया लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका। जानकारी देते मंदिर के पुजारी राजेश कुमार झा ने बताया कि इससे पहले 11 अप्रैल को भी मंदिर में चोरी हुई थी। उन्होंने कहा कि इस बार चोरों ने एक साथ तीन ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, जल्दबाजी में चोर अपना ताला तोड़ने वाला औजार मौके पर ही छोड़ गया, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकता है।

इधर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र