home page

सिमराहा में 684 लीटर नेपाली शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

 | 
सिमराहा में 684 लीटर नेपाली शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के नदी थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 684 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा मौके से एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि सिमराहा स्थित बसबिट्टी इलाके में भारी मात्रा में नेपाली शराब की खेप छिपाकर रखी गई है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने शाम के समय छापेमारी की। तलाशी के दौरान 19 बोरों में रखी 300 एमएल क्षमता की कुल 2,280 बोतलें बरामद हुईं। जब्त शराब की कुल मात्रा 684 लीटर आंकी गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सिमराहा वार्ड संख्या-10 निवासी रविशंकर यादव, पिता गोविंद यादव, को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर शराब की आपूर्ति और वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।

नदी थानाध्यक्ष सुमित भारती ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र