home page

अवैध तरीके से परिवहन की जा रही 19 किलो से ज्यादा चांदी पकड़ी ,दो गिरफ्तार

 | 
अवैध तरीके से परिवहन की जा रही 19 किलो से ज्यादा चांदी पकड़ी ,दो गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 13 मई (हि.स.)। सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन की जा रही करीब 19.802 किलोग्राम चांदी की आठ सिल्लियां जब्त की हैं। पुलिस ने मौके पर शांति भंग की आशंका में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और डीएसपी ब्रजेश सिंह के निर्देशन तथा थाना प्रभारी प्रेम सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि एएसआई हिरालाल के नेतृत्व में गठित टीम बुधवार को धनेत पुलिया हाईवे रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से उदयपुर जा रही एक अल्टो कार को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रुकवाया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से चांदी की आठ सिल्लियां बरामद हुईं। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर चालक और उसके साथी कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस के अनुसार बरामद चांदी का कुल वजन 19 किलो 802 ग्राम है। दस्तावेज नहीं होने और चांदी के चोरी की होने की आशंका के चलते पुलिस ने सिल्लियों को जब्त कर लिया। मौके पर पुलिस ने कार चालक मोहम्मद ईदरीश पुत्र गफूर बख्श शेख निवासी खेरोदा, जिला उदयपुर तथा उसके साथी मयंक कुमार पुत्र घनश्याम सोनी निवासी अमरपुरा, थाना खेरोदा, हाल रावलीपोल भिंडर को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेम सिंह, एएसआई हिरालाल, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, संजय और पुष्पेंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल