आगरमालवा में अवैध चांदी गलाने की फैक्ट्री का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार
आगरमालवा, 18 अप्रैल (हि.स.)। । मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय स्थित खिरनी तकिया क्षेत्र में शनिवार को अवैध रूप से संचालित चांदी गलाने की फैक्ट्री का पुलिस ने खुलासा किया। कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर फैक्ट्री को सील कर दिया और मौके से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेज केमिकल गैस की दुर्गंध फैल रही थी, जिससे स्थानीय लोग परेशान थे। रहवासियों को किसी अवैध गतिविधि की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि एक मकान के भीतर पिछले करीब दो महीनों से चोरी-छिपे चांदी गलाने और रिफाइनिंग का काम किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 30 केन में भरे लगभग 1500 लीटर रसायन जब्त किए। इनमें नाइट्रिक एसिड, सल्फ्यूरिक एसिड, हाइड्रोक्लोरिक एसिड (एचसीएल) सहित अन्य रसायन शामिल हैं। साथ ही फॉर्किंग पाउडर, कास्टिक सोडा और यूरिया भी बरामद किया गया। इनका उपयोग चांदी गलाने और शुद्धिकरण प्रक्रिया में किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से 30 वर्षीय आबिद और उसके 50 वर्षीय पिता मौजूद्दीन, दोनों निवासी खिरनी तकिया, को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति खतरनाक रसायनों का उपयोग कर इस प्रकार की फैक्ट्री चलाना गंभीर अपराध है। इससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता था। फिलहाल फैक्ट्री को सील कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

