ज्वेलरी शोरूम में लूट की साजिश नाकाम, दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 30 जून (हि.स.)। सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक नामी ज्वेलरी शोरूम में बड़ी लूट की साजिश को भक्तिनगर थाने की पुलिस ने सोमवार देर रात नाकाम कर दिया। दुकान मालिक की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बिहार के दो बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों के नाम गौतम कुमार और धर्मेंद्र साहनी हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात दुकान मालिक ने सीसीटीवी फुटेज में देखा कि दुकान के अंदर कोई संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। तुरंत ही उन्होंने भक्तिनगर थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी दीप्तजीत धर खुद बाइक से घटनास्थल की ओर रवाना हुए। पुलिस की गाड़ी देखते ही बदमाश बैग लेकर भागने लगे। पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए दो टीमों में बंटकर पीछा किया। ज्योतिनगर इलाके से गौतम कुमार और दुकान के अंदर से धर्मेंद्र साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपितों में से एक के पास से लूटे गए कुछ गहने भी बरामद किए गए है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि इस वारदात में तीन या उससे अधिक बदमाश शामिल थे। इनमें से एक आरोपित पुलिस की गिरफ्त से भागने में सफल रहा।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि बदमाशों ने बेहद पेशेवर तरीके से दुकान का शटर खोलकर अंदर प्रवेश किया था। उन्होंने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा व्यवस्था को निष्क्रिय करने की भी कोशिश की, लेकिन मालिक की सतर्कता के कारण वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे सके। फरार तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

