एनसीबी ने लॉरी से करोड़ों का गांजा किया बरामद, चालक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 23 मई (हि.स.)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की कार्रवाई में देर रात कदमतल्ला इलाके में एक मालवाही लॉरी से करीब 800 किलो गांजा बरामद किया गया। इस मामले में लॉरी चालक कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, एनसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि असम से भारी मात्रा में गांजा सिलीगुड़ी के रास्ते उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। इसी आधार पर एनसीबी और मेडिकल चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात कदमतल्ला इलाके में अभियान चलाकर हरियाणा नंबर की संदिग्ध लॉरी को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान चालक के केबिन में बने गुप्त चेंबर से करीब 80 पैकेट गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद आरोपित को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और लॉरी को भी जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिलीगुड़ी को तस्करी के ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

