फर्जी अधिकारी बनकर वेबेल आईटी पार्क में घुसने की कोशिश, गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 30 अक्टूबर (हि. स.)। फर्जी अधिकारी बनकर माटीगाड़ा स्थित वेबेल आईटी पार्क में प्रवेश करने की कोशिश करने के आरोप में माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शेखर साहा के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वेबेल आईटी पार्क प्रबंधन की ओर से माटीगाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि गुरुवार देर रात एक व्यक्ति आईटी पार्क पहुंचा और खुद को एंटी क्राइम ब्यूरो ऑफ इंडिया (एसीबी) का अधिकारी बताते हुए वहां छापेमारी करने का दावा किया। इसके बाद आईटी पार्क प्रबंधन ने उससे पूछताछ की और उसका पहचान पत्र जांचा। पहचान पत्र और उसकी पहचान को लेकर संदेह होने पर उसे पार्क के विभिन्न केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया गया। बाद में उसे वहां से जाने को कहा गया। घटना के बाद प्रबंधन ने माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर माटीगाड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को लेक्सिकन मोड़ इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक पहचान पत्र भी बरामद हुआ है, जिस पर 'एंटी क्राइम ब्यूरो ऑफ इंडिया' लिखा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शेखर साहा मूल रूप से अलीपुरद्वार जिले का निवासी है और फिलहाल सिलीगुड़ी के प्रधाननगर इलाके में रह रहा था। गिरफ्तार आरोपित को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

