जांजगीर-चांपा में अमझर प्लांट से 50 किलो सिलिको मैंगनीज की चोरी, आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 11 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र स्थित अमझर प्लांट से सिलिको मैंगनीज पत्थर चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से लगभग 50 किलोग्राम सिलिको मैंगनीज पत्थर बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आज रविवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रविन्द्र बर्मन निवासी पहरिया, थाना बलौदा ने चांपा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:55 बजे एक व्यक्ति अमझर प्लांट से कंधे पर बोरी रखकर अमझर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते से बाहर निकल रहा था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
सुरक्षा गार्ड ने जब व्यक्ति को रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो वह बोरी पटककर भागने लगा। हालांकि, सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना चांपा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान धमेन्द्र पटेल (34 वर्ष), निवासी कुसमुली, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। आरोपित वर्तमान में अमझर, थाना चांपा क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपित ने प्लांट से सिलिको मैंगनीज पत्थर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने प्लांट के बाहर से लगभग 50 किलो चोरी का सिलिको मैंगनीज पत्थर बरामद किया। बरामद सामग्री की कीमत करीब 5 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चांपा पुलिस की इस कार्रवाई से अमझर प्लांट में हुई चोरी का खुलासा हो गया है और चोरी की गई पूरी सामग्री भी बरामद कर ली गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

