home page

आबकारी विभाग की छापेमारी में लाखों रुपये की सिक्किम शराब जब्त

 | 
आबकारी विभाग की छापेमारी में लाखों रुपये की सिक्किम शराब जब्त


सिलीगुड़ी, 04 सितंबर (हि. स.)। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के तुम्बाजोत-शिशुडांगी इलाके में आबकारी विभाग ने एक कबाड़ गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सिक्किम शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग ने गोदाम को सील कर दिया है।

शुक्रवार को आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक कबाड़ गोदाम में बड़ी मात्रा में अवैध सिक्किम शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर उत्तर बंगाल के विशेष उत्पाद शुल्क आयुक्त (प्रवर्तन) सुजीत दास के नेतृत्व में जलपाईगुड़ी आबकारी विभाग की टीम ने संबंधित गोदाम पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 45 कार्टून अवैध सिक्किम शराब बरामद हुई। अधिकारियों के पहुंचते ही गोदाम में मौजूद लोगों को कार्रवाई की भनक लगी और वे मौके से फरार हो गए। इसके बाद आबकारी विभाग ने गोदाम को सील कर दिया और बरामद शराब की बोतलों को जब्त कर विभाग के मुख्यालय ले जाया गया।

प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को आशंका है कि सिक्किम से शराब लाकर इसे रात के अंधेरे में सिलीगुड़ी या बिहार में तस्करी के उद्देश्य से गोदाम में जमा किया गया था। फरार आरोपितों की पहचान करने के साथ-साथ आबकारी विभाग कथित अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार