सीकर में 20 हजार की रिश्वत लेते बॉयलर्स निरीक्षक गिरफ्तार
जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जयपुर नगर तृतीय टीम ने सोमवार को सीकर में ट्रेप कार्रवाई कर कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग के निरीक्षक मोहित शर्मा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी निरीक्षक ने परिवादी की तारानगर स्थित श्रीराम टिम्बर एवं फर्निचर फैक्ट्री का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान चार कमियां सामने आई थीं, जिन्हें परिवादी ने पूरा कर दिया था। इसके बाद आरोपी भविष्य में अन्य कमियां नहीं निकालने की एवज में 20 से 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी के अनुसार शिकायत के सत्यापन के दौरान 24 सितंबर को आरोपी ने 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में 25 हजार रुपये में सहमति बनी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रेप की कार्रवाई की योजना बनाई।
एसीबी जयपुर नगर तृतीय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को परिवादी से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

