home page

सिद्धार्थनगर : 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश गिरफ्तार

 | 
सिद्धार्थनगर : 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश गिरफ्तार


सिद्धार्थनगर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर जिले की गोल्हौरा पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार को स्वर्ण व्यवसायी प्रभंजन कुमार से लूट और उनकी हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सतीश गौड़ को एक सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में भी वांछित और लगातार फरार चल रहा था। सूचना पर गोल्हौरा थाना तथा एसओजी संयुक्त टीम ने सोमवार को क्षेत्र के इटवा-बांसी मार्ग पर ग्राम तिवारीपुर स्थित शिव मंदिर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त 11 अप्रैल 2025 को गोल्हौरा थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी प्रभंजन कुमार की रेकी कर लूट की योजना बनाया था। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज घटना में सतीश गौड़ अपने चार अन्य साथियों के साथ शामिल था। घटना के बाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 12 अप्रैल 2025 की रात मुठभेड़ के दौरान सतीश समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया गया। आरोपित सतीश की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ गोल्हौरा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना गोल्हौरा संजय कुमार तथा एसओजी प्रभारी शामिल रहे।-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी