home page

एसआई भर्ती पेपर लीक: दस हजार का इनामी आरोपित गिरफ्तार

 | 
एसआई भर्ती पेपर लीक: दस हजार का इनामी आरोपित गिरफ्तार


जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा से लीक हुए प्रश्न-उत्तर परीक्षा से पहले हासिल कर लिखित परीक्षा देने वाले दस हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण की जांच में सामने आया कि आरोपित भवानी शर्मा (28) निवासी कोटपूतली (जिला कोटपूतली-बहरोड़) को परीक्षा से पहले आरपीएससी के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा द्वारा लीक किए गए प्रश्न और उनके उत्तर उपलब्ध कराए गए थे।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी को यह प्रश्न-उत्तर उसके रिश्ते के मौसा संदीप कुमार लाटा, पुत्र कन्हैयालाल, निवासी सबलपुरा (सीकर), वर्तमान में सहायक लेखा अधिकारी प्रथम, कोष एवं लेखा विभाग, वित्त भवन, जयपुर ने उपलब्ध कराए थे।

लीक प्रश्न-उत्तर पढ़ने के कारण भवानी शर्मा ने लिखित परीक्षा में उल्लेखनीय अंक प्राप्त किए। उसे हिंदी विषय में 200 में से 178.13 अंक तथा सामान्य ज्ञान (जीके) में 165.14 अंक मिले। हालांकि वह शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) में असफल रहा, जिससे उसका अंतिम चयन नहीं हो सका।

पेपर लीक का मामला उजागर होने के बाद भवानी शर्मा फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर एसओजी ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। महानिरीक्षक पुलिस (एसओजी) अजयपाल लाम्बा, उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव एवं पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देशन में अनुसंधान अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं अनुसंधान पूरा होने के बाद 7 जुलाई 2026 को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

एसओजी के अनुसार, एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक और भर्ती फर्जीवाड़े के इस बहुचर्चित मामले में अब तक कुल 150 आरोपिताें को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में अन्य आरोपिताें की भूमिका की भी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश