home page

पहले दिन 40 फीसदी अभ्यर्थियों ने नहीं दी एसआई भर्ती परीक्षा

 | 
पहले दिन 40 फीसदी अभ्यर्थियों ने नहीं दी एसआई भर्ती परीक्षा


जोधपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिला कलक्टर आलोक रंजन एवं पुलिस आयुक्त शरत कविराज के मार्गदर्शन में राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन जोधपुर जिला मुख्यालय पर प्रथम दिवस रविवार को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

प्रथम दिवस परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई, जिसमें प्रथम सत्र प्रात: 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 03 बजे से सांय 05 बजे तक आयोजित हुआ। परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा ने बताया कि प्रथम सत्र में कुल 35,483 अभ्यर्थियों में से 21,767 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 13,716 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम सत्र में कुल उपस्थिति 61.34 प्रतिशत दर्ज की गई। इसी प्रकार द्वितीय सत्र में कुल 35,483 अभ्यर्थियों में से 21,507 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 13,976 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय सत्र में कुल उपस्थिति 60.61 प्रतिशत रही।

अंजुम ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं समन्वित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी निरंतर फील्ड में सक्रिय रहे तथा सभी परीक्षा केन्द्रों पर सघन निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश