home page

एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में दो साल से फरार दस हजार का इनामी गिरफ्तार

 | 
एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में दो साल से फरार दस हजार का इनामी गिरफ्तार


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में दो साल से फरार चल रहे दस हजार रुपए के इनामी आरोपी श्रीराम विश्नोई उर्फ अतुल विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी जगदीश विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। एसओजी ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से 30 नवंबर तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर सौंप दिया गया।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण में जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी श्रीराम विश्नोई उर्फ अतुल विश्नोई (28) निवासी भीनमाल जिला जालौर ने दो अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले लीक हल प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराया था।

जांच के अनुसार आरोपी ने दिनेश विश्नोई निवासी जोधपुर से 15 लाख रुपए और सुभाष विश्नोई निवासी जोधपुर से 20 लाख रुपए में सौदा किया था। इसके बाद जगदीश विश्नोई के हैंडलर के माध्यम से दोनों अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा से पहले लीक हल प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराया गया। इसके चलते दिनेश और सुभाष का उपनिरीक्षक पद पर अवैध रूप से अंतिम चयन हुआ।

जांच में यह भी सामने आया कि श्रीराम विश्नोई ने स्वयं लीक हल प्रश्न-पत्र पढ़कर 14 सितंबर 2021 को आयोजित लिखित परीक्षा दी थी। वह परीक्षा में उत्तीर्ण भी हुआ था। उसने हिंदी विषय में 200 में से 160.98 और सामान्य ज्ञान में 200 में से 160.65 अंक प्राप्त किए थे, लेकिन शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में असफल रहने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो सका।

एसओजी के अनुसार मामले में जगदीश विश्नोई के खिलाफ आरोप-पत्र 1 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया था। वहीं दिनेश विश्नोई और सुभाष विश्नोई के खिलाफ पूरक आरोप-पत्र 22 मई 2024 तथा ओमप्रकाश ढाका के खिलाफ पूरक आरोप-पत्र 29 जुलाई 2024 को पेश किया जा चुका है।

गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे श्रीराम विश्नोई के खिलाफ न्यायालय ने 22 अप्रैल 2025 को स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बाद एसओजी ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया।

इस पर एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुसंधान अधिकारी चिरंजीलाल मीणा ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से 30 नवंबर तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर लिया गया है। एसओजी के अनुसार इस प्रकरण में अब तक कुल 158 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश