बरेली में छह हजार रुपये की रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार
बरेली, 08 जुलाई (हि.स.) । भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी पावर थेफ्ट थाना, उसावां रोड, बदायूं में तैनात एक उपनिरीक्षक को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर बिजली चोरी के मुकदमे में राहत दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता से घूस मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, गिरफ्तार उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह मूल रूप से बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के ग्राम करतौली का रहने वाला है और वर्तमान में बदायूं के एंटी पावर थेफ्ट थाने में तैनात था। बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नैथू निवासी हेमराज ने संगठन से शिकायत की थी कि उसके खिलाफ दर्ज बिजली चोरी के मुकदमे में जेल न भेजने और मामले में राहत दिलाने के एवज में छह हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने नियमानुसार, शिकायत का सत्यापन कराया। आरोप सही मिलने पर ट्रैप की योजना तैयार की गई। बुधवार दोपहर करीब 12:28 बजे थाना परिसर में स्थित द्वितीय विद्युत वितरण खंड कार्यालय में शिकायतकर्ता ने तय राशि आरोपित को दी। जैसे ही उपनिरीक्षक ने रुपये अपने कब्जे में लिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
इसके बाद आरोपित को हिरासत में लेकर थाना सिविल लाइंस, बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग के एक अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की घटना के बाद पूरे महकमे में इसकी चर्चा रही।
ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक रामलाल पाण्डेय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उसका विधिवत सत्यापन कराया गया था। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आरोपित उपनिरीक्षक को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में संगठन की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और रिश्वत मांगने वाले किसी भी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

