अनूपपुर: शटर तोड़ चांदी के 1.3 किलो गहने सहित सोना के गहने चोरी, पुलिस जुटी जांच में
अनूपपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना के ग्राम बदरा में एक ज्वेलर्स की दुकान से चोरी मंगलवार की सुबह दुकान खलने पर ज्ञात हुआ कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
शुरुआती जांच के अनुसार, दुकान के शोकेस से लगभग 1.3 किलो चांदी का सामान चोरी होने की जानकारी मिली हैं। इसमें पायल और बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा शोकेस में रखे कुछ सोने के गहने भी चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस जांच में जुट गई हैं।
बदरा बस स्टैंड के पास शंकर ज्वेलर्स के मालिक गजेंद्र प्रसाद सोनी की दुकान में घटना हुई। चोरों ने सबल (रॉड) से दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुसे। इस दौरान, चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन वे उसे खोल नहीं पाए। नाकाम होने पर चोर सबल वहीं छोड़कर फरार हो गए। दुकानदार ने बताया कि लगभग 1300 ग्राम की चांदी की पायल, बिछिया और अन्य चांदी के सामान के साथ सोने के कुछ गहने भी चोरी हुए हैं। चोरी हुए सोने के आभूषण और उनकी कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। सोना-चांदी मिलाकर चोरी का कुल नुकसान लाखों रुपए में होने का अनुमान है।
घटना की सूचना मिलते ही भालूमाड़ा थाना प्रभारी राधिका भगत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुकान में लगा सीसीटीव्ही कैमरा कुछ समय पहले शॉर्ट सर्किट के कारण खराब हो गया था। इसलिए फिलहाल दुकान में कोई सीसीटीव्ही कैमरा नहीं था। पुलिस ने दुकान के अंदर और आसपास के क्षेत्र से जरूरी सबूत जुटाए हैं। आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास के कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

