मुरादाबाद : सामूहिक दुष्कर्म का आरोपित शुभम सैनी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मुरादाबाद, 12 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र में घर में घुसकर अपने साथियों के संग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपित शुभम सैनी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आज शाम पुलिस ने पकड़े गए आरोपित को न्यायालय में पेश किया जहां से जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित युवती ने मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपाेर्ट में पीड़िता ने बताया कि मझोला के रामतलैया निवासी शुभम सैनी ने अपने साथियों के संग मिलकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपित ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया था। जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी किया था। गुरुवार को थाना मझोला पुलिस टीम ने आरोपित शुभम सैनी को गिरफ्तार कर लिया उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से आरोपित को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक नगर ने आगे बताया कि आरोपित के अन्य साथियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

