home page

खेत में बकरी जाने के विवाद में चचेरे भाई ने गोली मार कर की हत्या

 | 

सुलतानपुर, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में बंधुआ कला थाना क्षेत्र के अलीगंज चौकी अंतर्गत दाउदपुर मनियारी गांव में चचेरे भाई ने अपने ही बड़े भाई को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

गांव निवासी शाहिद पुत्र आबिद हुसैन (62 ) खेत में बकरी पड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद गोली का शिकार हो गए। आरोप है कि उनके चचेरे भाई शेहरु पुत्र नजर हुसैन ने विवाद के दौरान तमंचे से गोली चला दी। गोली शाहिद के पेट के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक शाहिद पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार के मुखिया माने जाते थे। वहीं आरोपित शेहरु के बारे में बताया जा रहा है कि वह प्रॉपर्टी का कारोबार करता है। घटना के बाद फरार बताया जा रहा है।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सावंत ने बताया कि घटना के उपरांत, घायल शाहिद हुसैन को बेहतर उपचार हेतु ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किया गया है। मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन किया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त