home page

शहडोल: दुकान संचालक की हत्या, नकाबपोश ने सीने में दागी दो गोलियां

 | 
शहडोल: दुकान संचालक की हत्या, नकाबपोश ने सीने में दागी दो गोलियां


शहडोल: दुकान संचालक की हत्या, नकाबपोश ने सीने में दागी दो गोलियां


शहडोल, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा पर स्थित शहडोल जिले के अमलाई थाना के ग्राम रामपुर में सोमवार देर रात चिकन शॉप संचालक 32 वर्षीय रज्जन कहार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक नकाबपोश बदमाश पल्सर बाइक से आकर पहले हवाई फायर किया था।

घटना संचालक की दुकान के पास हुई, जहां वह मौजूद था। दुकान में काम कर रहे एक कर्मचारी ने बताया कि नकाबपोश युवक ने पहले हवाई फायर किया था। जब संचालक ने इसका विरोध किया और कहा हो गया इतना ही, तो हमलावर ने उसके सीने में गोली मार दी। वहां मौजूद लोगों ने हमलावर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने दूसरी गोली भी संचालक के सीने में दाग दी। गोली लगने से संचालक सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया

स्थानीय लोगों ने घायल रज्जन को तत्काल इलाज के लिए अनूपपुर जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

नाकाबंदी कर दबिश जारी

प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और नशे से जुड़े एंगल सहित सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी के स्थानीय व्यक्ति होने की आशंका जताई जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि बीते महीने भी रामपुर क्षेत्र में गोली चलने की घटना सामने आई थी। उस समय सीमा विवाद के बीच अनूपपुर कोतवाली क्षेत्र में फायरिंग हुई थी। यह इलाके में गोलीबारी की दूसरी घटना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला