home page

अवैध रिफिलिंग करते दुकानदार गिरफ्तार

 | 
अवैध रिफिलिंग करते दुकानदार गिरफ्तार


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में पुलिस ने एलपीजी गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान 46 वर्षीय योगेश गुप्ता के रूप में हुई है, जो शकरपुर का ही रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक 15 मार्च को एक स्थानीय व्यक्ति से सूचना मिली थी कि शकरपुर में एक दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरकर बेची जा रही है। सूचना मिलते ही शकरपुर थाना पुलिस ने टीम गठित की। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापा मारा, जहां मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान योगेश गुप्ता के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ दिनों से बड़े एलपीजी सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भर रहा था और दो–तीन दिन पहले भी कई छोटे सिलेंडरों में गैस भरी थी।

जांच के दौरान आरोपित के पास इस काम के लिए कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं मिली। वह बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के अपनी दुकान में ही गैस ट्रांसफर का काम कर रहा था, जिससे आसपास के लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम), तीन छोटे सिलेंडर (5 किलोग्राम), गैस ट्रांसफर करने वाला टोटापिलास, एक एलपीजी रीफिलिंग मशीन और एक वजन मापने की मशीन बरामद की।

पुलिस के अनुसार आरोपित बड़े घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरता था और उन्हें अवैध रूप से बेचकर मुनाफा कमा रहा था। इस मामले में शकरपुर थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287, 125 और 318(4) के तहत एफआईआर संख्या 39/2026 दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

-------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी