अवैध धारदार चाकू बेचने वाले दुकानदार गिरफ्तार, सप्लाई स्रोत की जांच जारी
रायपुर, 5 अप्रैल (हि.स.)। थाना गंज पुलिस द्वारा अवैध रूप से धारदार चाकू रखने एवं बिक्री करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
गंज पुलिस ने आज रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि, 4 अप्रैल शनिवार को पुलिस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन रोड स्थित जीपीएस जनरल स्टोर्स में जांच की गई। मौके पर उपस्थित व्यक्ति ने अपना नाम हर्षील जैन निवासी रमन मंदिर वार्ड, फाफाडीह, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान दुकान से 8 नग स्टील के धारदार बटनदार चाकू बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपित ने उक्त चाकू किन व्यक्तियों को बेचे गए हैं के सम्बन्ध में भी कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया न ही ऐसा कोई रजिस्टर या दस्तावेज प्रस्तुत किया गया। साथ ही आरोपित द्वारा न तो कोई स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत किया गया और न ही खरीद से संबंधित कोई दस्तावेज, बिल अथवा लाइसेंस उपलब्ध कराया गया। बरामद चाकूओं को विधिवत जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया । चाकू खरीदने के संबंध में पूछताछ पर सप्लायर एवं कूरियर माध्यम से संबंधित विवरणों के आधार पर अग्रिम विवेचना की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

