home page

यमुनानगर:होलसेल दुकान से लाखों की नकदी चोरी,जांच शुरू

 | 

यमुनानगर, 16 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र महावीर चौक के समीप स्थित एक होलसेल मनियारी दुकान में देर रात सुनियोजित चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने दुकान के ऊपरी हिस्से से प्रवेश कर गल्ले में रखी लगभग 3.25 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यमुनानगर निवासी अमनप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी दुकान ‘राजा एजेंसीज’ रेलवे रोड के पास स्थित है। उन्होंने रात को दुकान बंद की थी। उस समय गल्ले में पिछले तीन-चार दिनों की बिक्री की रकम, करीब साढ़े तीन लाख रुपये, रखी हुई थी, जिसे बैंक बंद होने के कारण जमा नहीं कराया जा सका था। सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे, तो कर्मचारियों ने अंदर सामान अस्त-व्यस्त होने की जानकारी दी। जांच करने पर गल्ला खाली मिला।

आगे की तलाशी में पता चला कि बदमाश रोशनदान का लोहे का फ्रेम काटकर अंदर घुसे और दूसरी मंजिल तक पहुंचने वाली सीढ़ियों का ताला तोड़कर नीचे आए। पहली मंजिल पर भी सामान बिखरा मिला, जिससे स्पष्ट है कि वारदात योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार