हनी ट्रैप में फंसे वाल्टरगंज थानेदार ने की थी आत्महत्या, तीन गिरफ्तार
बस्ती, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्यप्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले पुलिस ने रविवार काे खुलासा किया है। हनीट्रैप और ब्लेकमेलिंग से परेशान होकर सूर्य प्रकाश ने खुदकुशी की थी। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और अधिवक्ता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने पत्रकारों को बताया कि वाल्टरगंज थाना के पूर्व थाना प्रभारी की आत्महत्या के मामले में नामजद तीन आरोपित गिरफ्तार किये गये हैं। इनमें प्रियंका चौधरी उसके पिता रामनयन चौधरी और अधिवक्ता विजय यादव है। मृतक के बेटे संदीप की तहरीर पर इन तीनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य जुटाया जा रहा था। सबूतों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को रविवार सुबह सदर अस्पताल के सामने से गिरफ्तार किया है।
आरोपित महिला प्रियंका चौधरी पर आरोप है कि वह मुंबई में ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटरों में काम करती थी। वह कथित तौर पर पैसे वाले लोगों को अपने संपर्क में लेकर वीडियो-ऑडियो तैयार कर हनीट्रैप के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करके धन की मांग की जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसके पिता रामनयन चौधरी और विजय प्रकाश कथित रूप से इस पूरी गतिविधि में सहयोग करते थे।
अब तक इन लोगों ने चार लोगों को कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाकर धन उगाही की है। इनमें आर्यन दीक्षित उर्फ जितेन्द्र दीक्षित से करीब 15 लाख रुपये, डॉ. उमेश से चार लाख और अहमद रजा से पांच लाख रुपये की उगाही की है।
डीआईजी ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण में मृतक सूर्य प्रकाश सिंह का संपर्क प्रियंका चौधरी और विजय प्रकाश से होने की बात सामने आई है। घटना वाले दिन भी विजय प्रकाश ने सूर्य प्रकाश सिंह को अंतिम कॉल किया है। पुलिस का कहना है कि कथित प्रताड़ना से परेशान होकर सूर्य प्रकाश सिंह ने आत्महत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी

